आबकारी विभाग ने चलाया विशेष अभियान, तीन अभियोग पंजीकृत कर दो अभियुक्तों को भेजा जेल

  • रिपोर्ट- कपिल सिंह राजपूत

बाराबंकी। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर के निर्देशन में ग्राम इरशाद नगर, अकबरपुर एवं आल्हनमऊ (थाना टिकैत नगर) क्षेत्रों में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 रामसनेहीघाट लक्ष्मीचंद्र पाल तथा पुलिस चौकी सुखीपुर, थाना टिकैत नगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 17 स्थानों पर दबिश दी गई। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत 65 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। मौके पर तीन अभियोग पंजीकृत करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके साथ ही लगभग 800 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया तथा अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त दो भट्ठियों को भी ध्वस्त किया गया।

दबिश के दौरान टीम द्वारा ग्रामीणों को अवैध शराब के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.