डी-ब्रीफिंग सह सम्मान समारोह में कर्मियों का बढ़ाया गया हौसला,डीएम-एसपी ने किया सम्मानित

डीएम मिथिलेश मिश्र तथा एसपी अजय कुमार ने अधिकारियों व कर्मियों को किया सम्मानित

लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपलक्ष्य में लखीसराय जिला प्रशासन की ओर से बालगुदर स्थित जिला संग्रहालय परिसर में डी-ब्रीफिंग सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने की।

इस अवसर पर चुनाव के दौरान उत्कृष्ट, निष्ठावान एवं जिम्मेदाराना कार्य करने वाले अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे जमीन पर उतारने का कार्य प्रशासनिक अमले और पुलिस बल ने पूरी ईमानदारी से किया। वहीं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कानून-व्यवस्था संधारण में पुलिसकर्मियों की सतर्कता और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे बेहतर टीम वर्क का परिणाम बताया।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन के सौजन्य से लखीसराय के इतिहास पर आधारित लघु फ़िल्म का भी प्रसारण किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। फ़िल्म को दर्शकों से खूब सराहना मिली।

डी-ब्रीफिंग सत्र में निर्वाचन के दौरान आई चुनौतियों, नवाचारों और बेहतर प्रशासनिक समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने भविष्य में होने वाले चुनावों को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

समारोह में एडीएम नीरज कुमार, सदर एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मियों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.