डीएम ने निरीक्षण कर विकास कार्यों और मतदेय स्थलों का लिया जायजा

मतदेय स्थल का किया पुनरीक्षण, बच्चों से पुस्तक वितरण की जानकारी ली

  • रिपोर्ट: शिवेंदु शुभम

सोनभद्र।; जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने तहसील घोरावल में विधानसभा क्षेत्र 400 के अंतर्गत स्थित मतदेय स्थल संख्या 64 व 65 खरुआंव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के समय बीएलओ वंदना मौके पर मौजूद रहीं। जिलाधिकारी ने स्वयं एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाकर उसकी स्कैनिंग और वितरण प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत सचिव, लेखपाल और बीएलओ मिलकर इस कार्य को सुचारु रूप से पूर्ण करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मुंगेरी गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों से वार्ता कर पुस्तक वितरण की जानकारी ली। बच्चों ने घर से पुस्तकें दिखाकर बताया कि उन्हें समय पर पुस्तकें प्राप्त हुई हैं।

इस दौरान डीएम ने आंगनबाड़ी मार्ग की खराब स्थिति पर असंतोष जताते हुए डीपीआरओ को तत्काल सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में निर्मित शौचालयों का भी निरीक्षण किया और उनकी स्थिति का मूल्यांकन किया।

खंड विकास अधिकारी कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अनुपस्थित बीएलओ या सुपरवाइजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.