बिहार पुलिस परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार

लखीसराय(सरफराज़ आलम(बिहार पुलिस सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ की संयुक्त ब्रीफिंग।

बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पद पर नियुक्ति हेतु केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, जैमर, बायोमेट्रिक एवं सीसीटीवी कर्मियों के साथ ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि दिनांक 28 जून 2026 (रविवार) को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर 5,105 अभ्यर्थी एकल पाली में आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक होगा। सभी अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 10:00 बजे तक तथा 11:00 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा दिवस पर सुबह 9:00 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, पहचान सत्यापन एवं बायोमेट्रिक प्रक्रिया को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी अभ्यर्थी, वीक्षक अथवा प्रतिनियुक्त कर्मी के पास मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं होने चाहिए।

बैठक में जैमर, सीसीटीवी एवं बायोमेट्रिक व्यवस्था से जुड़े कर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें पहचान-पत्र के साथ समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, उपकरणों की पूर्व जांच सुनिश्चित करने तथा केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी के समन्वय में कार्य करने का निर्देश दिया गया। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर एवं बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रहेगी।

पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों एवं उसके आसपास व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व केंद्र परिसर, शौचालय, खाली भवन, कबाड़खाना एवं अन्य संदिग्ध स्थलों की गहन जांच कर ली जाए तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान सतत गश्ती, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा कदाचार की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में प्रश्न-पुस्तिका एवं ओएमआर शीट की गोपनीयता, सीलबंद स्टील बॉक्स के सुरक्षित परिवहन, वीडियोग्राफी, सील सत्यापन, उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन तथा परीक्षा उपरांत केंद्रीय चयन पर्षद तक सुरक्षित प्रेषण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। सभी पदाधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित संयुक्त आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, प्रवेश-पत्र एवं वैध फोटो पहचान-पत्र साथ रखें तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा आयोजन में सहयोग करें।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मोo मुस्तकीम, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, पुलिस उपाधीक्षक साइबर अजीत प्रताप सिंह, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.