शहर विधायक ने अधिकारियों की उपस्थिति में राजकीय अनुसूचित जाति(बालक) छात्रावास का किया शुभारम्भ, सेंट्रल लाइब्रेरी का किया शिलान्यास

रामपुर: समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय अनुसूचित जाति (बालक) छात्रावास रामपुर में शैक्षिक सत्र 2025-26 में छात्रों के प्रवेश सत्र का शुभारंभ रामपुर शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने किया। उन्होंने छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी ने बताया कि 100 शैय्या क्षमता के इस छात्रावास में प्रवेश हेतु पात्र छात्र 15 मई, 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रावास को आधुनिक सुविधाओं एवं नये फर्नीचर, उपकरण आदि से सुसज्जित कराया गया है। यह छात्रावास उन सभी छात्रों के लिए सुविधाजनक है, जो अपने घरों से दूर रहकर अध्ययन कर रहे हैं। वर्तमान शैक्षिक सत्र में छात्रावास में आवासित रहने हेतु 25 छात्रों द्वारा अपना पंजीकरण समाज कल्याण कार्यालय में करा लिया गया हैं।
कोई भी छात्र जो जनपद रामपुर के किसी भी विद्यालय या कॉलेज इत्यादि में नियमित रूप से प्रवेशित हो और आय प्रमाण पत्र के अनुसार जो छात्रवृत्ति हेतु पत्र हो छात्रावास में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकता है।
अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के अधिवासी छात्र को कॉशन मनी एक मुश्त 100 रुपये तथा पिछडा वर्ग व सामान्य के अधिवासी छात्र को कॉशन मनी एक मुश्त 200 रुपये और कमरे का किराया 25 रुपये प्रति माह अधीक्षक कार्यालय में जमा करना होगा। शहर विधायक, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में स्थापित सेंट्रल लाइब्रेरी (विवेकानंद भवन पुस्तकालय) का शिलान्यास किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में स्थित खंडहर हो रही बिल्डिंग को जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा क्रिटिकल गैप के माध्यम से पुनर्जीवित कर सेंट्रल लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.