फरीदाबाद के सैनिक पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एलुमनी 2025 “मीट द बड्डीज” कार्यक्रम का आयोजन

  • रिपोर्ट: नीरज मित्तल

फरीदाबाद। सैनिक पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फरीदाबाद में एलुमनी 2025 कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसका नाम “मीट द बड्डीज” रखा गया। इस कार्यक्रम में स्कूल से पास आउट हो चुके लगभग 200 पूर्व छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों का सम्मान किया गया, वहीं स्कूल के वर्तमान छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने स्कूल के दिनों की यादों को ताजा किया और शिक्षकों से मुलाकात कर भावुक क्षण साझा किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नृत्य, गीत और नाट्य मंचन शामिल रहा, जिन्हें देखकर कार्यक्रम में मौजूद अभिभावक, शिक्षक और पूर्व छात्र बेहद उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम का उद्देश्य
इस एलुमनी मीट का मुख्य उद्देश्य यह था कि स्कूल से निकलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे या विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्यरत पूर्व छात्र वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन सकें। पूर्व छात्रों की उपलब्धियों को देखकर स्कूल में पढ़ रहे बच्चों में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले, ताकि वे भी जीवन में सफलता हासिल कर स्कूल का नाम रोशन कर सकें।

डायरेक्टर ने दी जानकारी
स्कूल के डायरेक्टर उधम सिंह अधना ने बताया कि “मीट द बड्डीज” एलुमनी कार्यक्रम का यह दूसरा संस्करण है। पहले संस्करण में केवल 20 पूर्व छात्रों ने भाग लिया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर करीब 200 तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि आज ये पूर्व छात्र इंजीनियरिंग, उच्च शिक्षा और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं और देश के साथ-साथ स्कूल का भी नाम रोशन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी पूर्व छात्रों ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के जरिए एक-दूसरे से जुड़े रहने की इच्छा जताई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.