गुंडों का आतंक: भौकाल मचाने के लिए लोगों की पिटाई, पुलिस के लिए चुनौती बने आरोपी

गाजियाबाद। मोदीनगर थाना क्षेत्र में गुंडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक एक लड़के को बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि पिटाई के दौरान आरोपी खुद ही वीडियो शूट करवा रहे हैं, ताकि इसे सोशल मीडिया पर डालकर लोगों में खौफ पैदा कर सकें।

सूत्रों के मुताबिक, वीडियो में नजर आ रहे युवक पहले से ही कई मुकदमों में वांछित हैं। ये आए दिन लोगों के साथ मारपीट कर गुंडागर्दी करते हैं और फिर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर अपनी दबंगई का भौकाल दिखाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गुंडों के आतंक से लोग इतने डरे हुए हैं कि कोई इनके खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। यदि कोई शिकायत करता भी है तो उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया जाता है।

मोदीनगर पुलिस अब तक इन आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है। लोगों ने मांग की है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करे, ताकि इलाके में फैले इस आतंक का अंत हो सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.