- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
घोरावल(सोनभद्र)। बीटीसी-2004 बैच के शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर घोरावल के विधायक अनिल कुमार मौर्य को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने मांग की कि वर्ष 2004 बैच के उन शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए, जिनकी नियुक्ति प्रक्रिया पुरानी पेंशन व्यवस्था के दौरान प्रारंभ हुई थी। ज्ञापन में कहा गया कि शासनादेशों और चयन प्रक्रिया के आधार पर नियुक्त हुए शिक्षकों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें पुरानी पेंशन योजना के दायरे में शामिल किया जाना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने कहा कि पुरानी पेंशन न मिलने से सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने सरकार से इस संबंध में आवश्यक निर्णय लेकर शिक्षकों को राहत प्रदान करने की मांग की। इस दौरान शैलेन्द्र प्रताप राव, शिव शंकर, संजय मौर्य, संतोष सिंह, राजेश बैस, मधुप सिंह, सुनील कुमार, संजय मिश्रा, संतोष शुक्ला एवं कृष्णानंद मिश्रा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
