ब्रिटेन के सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी ने श्री दरबार साहिब में माथा टेका
पंजाब-यूके व्यापारिक संबंध, सीधी उड़ानों और एनआरआई मुद्दों पर दिया जोर
-अमृतसर-चंडीगढ़ को उत्तरी भारत का प्रमुख एविएशन हब बनाने की मांग
-यूके में पंजाबी और सिख समुदाय से जुड़े मुद्दे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने का भरोसा
Amritsar: ब्रिटेन के सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी ने सचखंड श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होकर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सरदार परमजीत सिंह रायपुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सांसद ढेसी ने कहा कि उनकी हमेशा कोशिश रहती है कि जब भी वह पंजाब आएं, तो अपने परिवार और रिश्तेदारों से मिलने के साथ-साथ प्रवासी भारतीयों (एनआरआई) से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को भी मजबूती से उठाया जाए।
अपने पंजाब दौरे के दौरान तनमनजीत सिंह ढेसी ने चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, एनआरआई मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियों से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ करीब 20 मिनट तक विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान विशेष रूप से पंजाब से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने और करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा पूरी तरह खोलने के मुद्दे पर चर्चा हुई। सांसद ढेसी ने मांग की कि अमृतसर और चंडीगढ़ को उत्तरी भारत के प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, ताकि श्री दरबार साहिब और अन्य धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ पंजाब और पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी इसका अधिक लाभ मिल सके।
व्यापारिक संबंधों पर बात करते हुए तनमनजीत सिंह ढेसी ने कहा कि भारत, विशेषकर पंजाब और ब्रिटेन के बीच होने वाले फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से दोनों देशों के लोगों को बड़े स्तर पर आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब और ब्रिटेन के बीच मजबूत व्यापारिक संबंध दोनों क्षेत्रों के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पंजाब के कारोबारियों और प्रवासी समुदाय के लिए बेहतर अवसर पैदा करने की दिशा में भी इस समझौते को अहम बताया।
इस दौरान सांसद ढेसी ने ब्रिटेन में रहने वाले पंजाबियों और सिख समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कृपाण से संबंधित मामलों तथा राजनीतिक बंदियों के न्याय से जुड़े मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में रहने वाले पंजाबी और सिख समुदाय के लोगों के अधिकारों और उनकी भावनाओं से जुड़े मामलों को उचित मंचों पर उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पंजाब और ब्रिटेन के बीच बेहतर संपर्क, व्यापारिक सहयोग तथा लोगों के आवागमन को आसान बनाने पर भी जोर दिया।
श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधकों और उपस्थित संगत का धन्यवाद किया। उन्होंने पंजाब की तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए अरदास भी की।
