हार्ट्रॉन सेंटर में गूंजे देशभक्ति के नारे, एडवोकेट भादू ने विद्यार्थियों में बांटे तिरंगे

15 अगस्त से पहले "हर घर तिरंगा" अभियान को मिला बल, विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

Ellenabad, August 13 ( डॉ एम पी भार्गव): स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में ऐलनाबाद स्थित हार्ट्रॉन सेंटर में बुधवार को देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय भावना और “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में एडवोकेट वीरेन्द्र सिंह भादू मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने उपस्थित सभी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित किए। तिरंगा हाथों में लेते ही पूरे सेंटर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे गूंज उठे।

इस अवसर पर सतबीर सिंह सूर्यवंशी, अशोक कुमार, ज्योति तलवाडिया सहित सेंटर का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

“तिरंगा हमारी आन, बान और शान है” – एडवोकेट भादू
एडवोकेट वीरेन्द्र सिंह भादू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “तिरंगा केवल एक कपड़े का टुकड़ा नहीं है। यह हमारे शहीदों के बलिदान, भारत की स्वतंत्रता, वीरता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। इसका सम्मान करना हमारा परम कर्तव्य है।”

उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आजादी के 79वें वर्ष में हमें यह प्रण लेना होगा कि हम अपने देश को विश्व गुरु बनाने में अपना योगदान देंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने हाथ में तिरंगा लेकर राष्ट्रहित में सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों के चेहरे पर देशभक्ति का जोश साफ दिखाई दे रहा था।

आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी में राष्ट्रीय गौरव की भावना और मजबूत होती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.