गाजियाबाद के मोदीनगर में गो तस्करी के आरोप में दो महिलाओं की पिटाई के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। घटना के बाद मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि घटना को एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान ही उन्होंने गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंत्री ने यह भी कहा कि वह पीड़ित परिवार और दीपा कश्यप के साथ हैं।
मंत्री के बयान के बाद अब सवाल है कि महिलाओं की पिटाई के मामले में पुलिस की कार्रवाई कब तक पूरी होती है और प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं की मांग पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
