जाति-धर्म के नाम पर समाज को बांटना भाजपा की नीति, जनता लगाएगी जुबान पर लगाम: सुनैना चौटाला

Ellenabad, August 13 ( डॉ एम पी भार्गव ): हरियाणा भाजपा की नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता द्वारा हाल ही में एक विशेष वर्ग और खूंटी पर कुर्ता-पायजामा टांगने को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने भाजपा नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने भाजपा की नीतियों, कार्यशैली और नई प्रदेशाध्यक्ष की मानसिकता पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने कहा कि भाजपा और उसके नेताओं के पास विकास, रोजगार या जनहित का कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं बचा है। यह पार्टी शुरुआत से ही केवल जातिगत और दलगत राजनीति के सहारे अपनी सत्ता बचाए रखने का प्रयास करती रही है। भाजपा की नई प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता द्वारा किसी विशेष दल व समुदाय पर इस तरह की टिप्पणी करना उनकी संकीर्ण मानसिकता और राजनीतिक भय को साफ दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान से साबित होता है कि भाजपा एक डरी हुई और अंदर से खोखली पार्टी बन चुकी है, जो अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए प्रदेश के भ्रातृत्व और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने का काम कर रही है।

प्रदेश सरकार की घेराबंदी करते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि भाजपा शासनकाल में हरियाणा का युवा भारी बेरोजगारी की मार झेल रहा है। आए दिन भर्तियों में धांधली और पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इसके साथ ही बेकाबू महंगाई ने आम जनता और गृहिणियों का बजट पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। लेकिन भाजपा के नेता कभी भी इन जनहित के मुद्दों पर बात करने की हिम्मत नहीं दिखाते। सत्ता में इतने वर्ष रहने के बावजूद सरकार के पास जनता को देने के लिए कोई नई जनकल्याणकारी योजना नहीं है। जब भी जनता जवाब मांगती है, भाजपा नेता धार्मिक और जातिगत ध्रुवीकरण का सहारा लेकर मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करने लगते हैं।

सुनैना चौटाला ने कहा कि हरियाणा की भाईचारा-पसंद जनता अब भाजपा की इस विभाजनकारी रणनीति को भली-भांति समझ चुकी है। प्रदेश का किसान, मजदूर, व्यापारी और युवा वर्ग इनकी जुमलेबाजी और भ्रामक बयानों से तंग आ चुका है। अब भाजपा चाहे जितना भी ध्रुवीकरण करने का प्रयास कर ले, जनता इनके किसी झांसे या बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में चूर भाजपा नेता अपनी भाषा की मर्यादा न भूलें और अपनी जुबान पर लगाम लगाएं। अगर भाजपा नेताओं ने इस तरह की अमर्यादित और समाज को बांटने वाली बयानबाजी बंद नहीं की, तो हरियाणा की जनता आने वाले चुनावों में लोकतांत्रिक तरीके से अपने वोट की ताकत से इनकी जुबान और राजनीति दोनों पर लगाम लगाने का काम करेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.