दिल्ली के सरकारी स्कूलों में समर वेकेशन का ऐलान, 11 मई से 30 जून तक रहेंगी छुट्टियां

Delhi के सरकारी स्कूलों में Summer Vacation 2026 का ऐलान कर दिया गया है। राजधानी के सभी सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून तक गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी। छुट्टियों के बाद स्कूल 1 जुलाई से दोबारा खुलेंगे। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सरकार के फैसले के बाद छात्रों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।

हालांकि, 9वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए छुट्टियों के दौरान रेमेडियल क्लासेस आयोजित की जाएंगी। शिक्षा निदेशालय के अनुसार ये क्लासेस 11 मई से 23 मई तक चलेंगी। इनका उद्देश्य छात्रों के कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देना, जरूरी पाठों की पुनरावृत्ति कराना और परीक्षा परिणाम बेहतर बनाना है।

नोटिफिकेशन के मुताबिक रेमेडियल क्लासेस सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक संचालित होंगी। शिक्षकों को सुबह 7:20 बजे से 11 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहना होगा। इन अतिरिक्त कक्षाओं में तीन पीरियड होंगे और प्रत्येक पीरियड एक घंटे का होगा।

इन क्लासेस में मुख्य रूप से साइंस और मैथ्स विषय पढ़ाए जाएंगे। हालांकि स्कूलों के प्रधानाचार्य जरूरत के अनुसार अन्य विषय भी शामिल कर सकते हैं। 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए विषयों का चयन उनकी जरूरत और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि रेमेडियल क्लासेस के लिए स्कूलों को छुट्टियों से पहले टाइम-टेबल तैयार कर डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन को भेजना होगा। साथ ही छात्रों और अभिभावकों को पहले से इसकी जानकारी देना अनिवार्य होगा।

इन क्लासेस में शामिल होने वाले छात्रों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म पहनना जरूरी रहेगा और अभिभावकों की अनुमति भी अनिवार्य होगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.