बिहार गौरव क्विज में छात्रों ने दिखाया दमखम,खेल भवन में 202 छात्रों ने ओएमआर शीट पर दी परीक्षा,बिहार दिवस पर होगा परिणाम घोषित

लखीसराय(सरफराज आलम)जिला प्रशासन के तत्वावधान में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित गांधी मैदान के खेल भवन में “बिहार गौरव क्विज प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कुल 202 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिन्हें दो-दो के 101 समूहों में शामिल किया गया।जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा नामित नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्रों ने बिहार से जुड़े 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर ओएमआर शीट पर दिए।
नोडल शिक्षक ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्या भवन बालिका विद्यापीठ, डीएवी पब्लिक स्कूल, उच्च विद्यालय रेउटा गोपालपुर, मध्य विद्यालय वलीपुर, उमवि गोविन्द बीघा, स्काई विजन पब्लिक स्कूल, उच्च माध्यमिक विद्यालय गढ़ी विशनपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय बिलौरी, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहाड़पुर, रामनगर एवं कजरा सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।प्रतियोगिता का परिणाम रविवार को बिहार दिवस के अवसर पर घोषित किया जाएगा तथा सफल प्रतिभागियों को त्रिदिवसीय बिहार दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।प्रतियोगिता के सफल संचालन में शिक्षक शशांक शेखर, गोविन्द कुमार, प्रिया कुमारी एवं बबीता कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

क्विज में बिहार से जुड़े कई रोचक प्रश्न पूछे गए, जिनमें बिहार पृथ्वी दिवस, राजकीय पक्षी, पहला बैंक, पितृपक्ष मेला, विष्णुपद मंदिर, सबसे कम उम्र की विधायक, राजकीय मछली, बिहार गीत के लेखक, राष्ट्रीय मेधा दिवस एवं बिहार दिवस से संबंधित प्रश्न शामिल थे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.