नेशनल जंबूरी का सर्टिफिकेट और मेडल पाकर खिले छात्रों के चेहरे, डीएम ने किया सम्मानित

रामपुर। रामपुर कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने नेशनल जंबूरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सर्टिफिकेट और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

जानकारी के अनुसार जनपद रामपुर से पांच छात्र नेशनल जंबूरी में शामिल हुए थे, जिनमें से दो छात्रों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सर्टिफिकेट और मेडल प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद छात्रों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर छात्र जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं सम्मानित छात्रों ने कहा कि उनका सपना भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि नेशनल जंबूरी में मिली सफलता से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए और अधिक मेहनत करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों और अभिभावकों ने भी छात्रों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.