मुख्य सचिव ने की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, लखीसराय में 86% किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण

फार्मर रजिस्ट्री में लखीसराय की प्रगति पर मुख्य सचिव ने जताया संतोष राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और एग्री स्टैक की हुई समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर वीसी, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

लखीसराय(सरफराज आलम)मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, एग्री स्टैक, हैंडपंप मरम्मत तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य सचिव द्वारा सभी जिलों को निर्देशित किया गया कि लाभुकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित कराने के लिए कार्यों में तेजी लाई जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए। विशेष रूप से राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि पात्र लाभुकों का नाम किसी भी स्थिति में छूटे नहीं।

बैठक में एग्री स्टैक एवं फार्मर रजिस्ट्री को लेकर विशेष जोर दिया गया। समीक्षा के क्रम में यह बताया गया कि लखीसराय जिले में अब तक लगभग 86 प्रतिशत किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इस पर मुख्य सचिव द्वारा संतोष व्यक्त करते हुए शेष 14 प्रतिशत कार्य को शीघ्र पूर्ण कर 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि फार्मर रजिस्ट्री सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। अतः इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके लिए कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के सभी कर्मियों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही फील्ड स्तर पर कैंप आयोजित कर शेष किसानों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में हैंडपंप मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की गई तथा निर्देश दिया गया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाए, ताकि आम जनता को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े। ज़िला पदाधिकारी द्वारा जन-जातिये ग्रामों का भ्रमण करके जलापूर्ति की व्यवस्था कराने की जो कार्यवाही की जा रही है इसकी मुख्य सचिव द्वारा विशेष तौर पर सराहना की गई तथा अन्य ज़िलों के द्वारा भी जलापूर्ति की इसी प्रकार की व्यवस्था करने को कहा गया।

लखीसराय जिले से जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार के साथ अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह सहित अन्य संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.