सिरसा में 15 मई को मुख्यमंत्री हरियाणा के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे :- एसपी दीपक सहारण
ऐलनाबाद, 14 मई ( एम पी भार्गव ) कल 15 मई को माननीय मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन और जिला पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है । इस अवसर पर मुख्यमंत्री तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़, महाराष्ट्र के लिए नि:शुल्क तीर्थ यात्रा पर जाने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे । इस अवसर पर जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा, सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण , अतिरिक्त जिला उपायुक्त अर्पित संगल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस लाइन सिरसा से रेलवे स्टेशन तक सभी रूटों का निरीक्षण किया और वैकल्पिक मार्गों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल की बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, सफाई, मोबाइल टॉयलेट्स, वीवीआईपी और मीडिया गैलरी, चेकिंग पॉइंट, हेलीपैड और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। एसपी दीपक सहारण ने उपस्थित फायर ब्रिगेड, डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की तैनाती का भी निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार बनाए रखें और असामाजिक व संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखें। उन्होंने बताया कि सिरसा पुलिस के करीब 650 अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए पूर्ण रूप से अलर्ट रहेंगे। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि वे चप्पे-चप्पे की जांच करें और किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक बर्दाश्त न की जाए। उन्होंने कहा कि सिंविल ड्रेस में पुलिस की जवानों की तैनाती की गई है ताकि संदिग्ध किस्म का व्यक्ति पुलिस की नजरों से बच न सकें । पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अनुरोध किया है कि वे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें और निर्धारित पार्किंग में ही अपने वाहन पार्क करें। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और आमजन के लिए परेशानी-मुक्त रूप से संपन्न हो।
मुख्यमंत्री आगमन पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट रहेंगे ।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के कारण शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्ट किए गए हैं। महिला कॉलेज के सामने से होते हुए पुरानी कचहरी छोटे फाटक की की तरफ जाने वाले वाहन के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेंगे, इसलिए वाहन चालक अन्य वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े ।
सुरक्षा व्यवस्था
शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मी और नाके तैनात किए गए हैं। वीआईपी की निगरानी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
आमजन से अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अनुरोध किया है कि बिना इमरजेंसी के शहर में प्रवेश न करें, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें ।
