ऐलनाबाद 27 जून ( एम पी भार्गव ) जिला पुलिस ने संपत्ति विरुद्ध अपराधों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर थाना क्षेत्र की जेजे कॉलोनी चौकी ने पत्थर कटाई मशीन चोरी के मामले का मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरीशुदा मशीन भी बरामद कर ली है।इस संबंध में जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि जेजे कॉलोनी निवासी बुधराम पुत्र किशन चंद ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 25 जून की रात्रि को एक अज्ञात युवक उसके मकान में घुस आया और वहां रखी पत्थर कटाई मशीन चोरी कर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर शहर थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेंद्र कुमार उर्फ अजय पुत्र कालू राम, निवासी गांव नगोकी, हाल जेजे कॉलोनी को दबोच लिया।पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई पत्थर कटाई मशीन भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।पुलिस ने कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो सके।
ऐलनाबाद पुलिस ने 63 बोतल अवैध शराब सहित 2 लोगों को किया काबू
अब पुलिस की अवैध शराब खुर्दा पर पैनी नज़र
ऐलनाबाद 27 जून ( एम पी भार्गव ) जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अवैध रूप से शराब बेचने खुर्दा संचालकों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसा पुलिस ने जिले में व्यापक छापेमारी की । इस दौरान विभिन्न पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से अवैध रूप से बेची जा रही 63 बोतल देशी शराब बरामद कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ऐलनाबाद थाना कि एक पुलिस टीम ने वार्ड नंबर 04 ऐलनाबाद क्षेत्र से आरोपी सर्वजीत सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 06 ऐलनाबाद को 50 बोतल अवैध शराब सहित काबू किया है । वहीं एक अन्य घटना में थाना बड़ागुढ़ा पुलिस ने गांव भंगू क्षेत्र से आरोपी बलजीत उर्फ जीता सिंह पुत्र मगर सिंह निवासी भंगू को 13 बोतल अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया । पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अभियान का उद्देश्य अवैध शराब बेचने वालों के नेटवर्क को तोड़ना और जिले में शराब के अवैध कारोबार पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस ने आम जनता से अपील की कि वे अवैध शराब बेचने वालों की सूचना देने में सहयोग करें और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में मदद करें । अभियान लगातार जारी रहेगा और सभी टीमों को जिले में शराब के अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
