खेल सिखाते हैं अनुशासन व टीम भावना, बढ़ता है आत्मविश्वास, स्टेडियम ट्रेनीज टीम ने किया फुटबॉल मैच अपने नाम
बदायूँ, 29 अगस्त 2025। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बहेड़ी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में त्रिदिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने किया।
उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं तथा आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। युवाओं से उन्होंने खेल को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ तन-मन का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री व अन्य जनप्रतिनिधियों ने विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।
बी.एल. वर्मा ने बताया कि खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को आगामी सांसद खेल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के पंजीकरण हेतु पोर्टल लॉन्च किया है। उन्होंने कहा कि “खेलेगा इंडिया तो खेलेगा इंडिया” और यही भारत को आगे बढ़ाने का मार्ग है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके मंत्रालय द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है और खेलों से जुड़कर युवा नशे से दूर रह सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव–फिट युवा फोर विकसित भारत का आयोजन बदायूँ में 21 सितंबर से 25 दिसंबर 2025 तक होगा, जिसमें 10 खेलों को अभी तक चिन्हित किया गया है। प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण प्रारंभ कर दिए गए हैं।
29 से 31 अगस्त तक चल रही त्रिदिवसीय प्रतियोगिता में शुक्रवार को 6 टीमों ने हिस्सा लिया। 14 वर्ष आयु वर्ग के फुटबॉल मुकाबले में पहले सेमीफाइनल में स्टेडियम ट्रेनीज ने बहेड़ी 11 को 4–0 से हराया। दूसरा सेमीफाइनल उच्च माध्यमिक विद्यालय बहेड़ी और स्टेडियम बी के बीच हुआ, जिसमें बहेड़ी विद्यालय ने 3–2 से जीत दर्ज की।
फाइनल मुकाबला स्टेडियम ट्रेनीज और उच्च माध्यमिक विद्यालय बहेड़ी के बीच खेला गया, जिसमें स्टेडियम ट्रेनीज ने 4–2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। इसी अवसर पर जूनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया गया, जिसका समापन 31 अगस्त को होगा।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने सभी को फिट इंडिया शपथ दिलवाई।
इस मौके पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और युवा मौजूद रहे।
