सोनभद्र: पुलिस ने छात्रों को दी सायबर अपराध से बचाव की जानकारी, कहा— सजग रहें, सुरक्षित रहें

  • रिपोर्ट: शिवेंदु शुभम (सोनभद्र)

सोनभद्र (घोरावल)।
घोरावल नगर स्थित सोनांचल इंटर कॉलेज में शुक्रवार को पुलिस विभाग की ओर से सायबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक रामज्ञान सिंह यादव और क्राइम कांस्टेबल योगेश मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को बताया कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन और इंटरनेट हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इनका गलत इस्तेमाल हमें बड़ी परेशानी में डाल सकता है। उन्होंने कहा कि सायबर अपराधी सोशल मीडिया, बैंकिंग ऐप और ऑनलाइन गेम्स के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए किसी भी अंजान लिंक, कॉल या मैसेज पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाता नंबर या ओटीपी साझा न करें।
पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो जाए तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना देने से पैसों की रिकवरी की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका समाधान पुलिस कर्मियों ने विस्तार से किया। वक्ताओं ने कहा कि सायबर सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक का सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने फेक आईडी, ऑनलाइन गेम की लत, फोटो मॉर्फिंग और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने के उपाय भी बताए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य काशी प्रसाद मौर्य ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीक के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने पुलिस विभाग का आभार जताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को सायबर क्राइम से बचाने के लिए इस तरह की कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में शिक्षक मुमताज अली, भाजपा नेता इमरान मंसूरी, दिनेश पाठक, जेपी मिश्र, सुरजीत मौर्य, संजय यादव व सुरेश मौर्य सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.