- रिपोर्ट- पंकज झा
वाराणसी। आईपीएल फाइनल मैच के रोमांच के बीच वाराणसी एसओजी ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर इलाके में चल रहे सट्टेबाजी के नेटवर्क का भंडाफोड़ कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह को गोपनीय सूचना मिली थी कि आईपीएल फाइनल मैच पर बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही एसओजी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टकटकपुर क्षेत्र में छापेमारी की और मौके से 11 आरोपियों को दबोच लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सट्टेबाजी में प्रयुक्त लगभग दो दर्जन मोबाइल फोन, 7 लैपटॉप, सट्टे से संबंधित रजिस्टर, प्रपत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामग्री से संकेत मिल रहे हैं कि यह नेटवर्क काफी व्यवस्थित और संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आईपीएल फाइनल पर दांव लगवा रहे थे। पुलिस अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। एसओजी की इस कार्रवाई को वाराणसी में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गैरकानूनी गतिविधि के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टकटकपुर में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि अवैध सट्टेबाजी के कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर है और कानून से बच निकलना आसान नहीं होगा।
