ऐलनाबाद, 5 जनवरी (भार्गव) सिरसा पुलिस द्वारा संपत्ति विरुद्ध विरुध अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिला की एबीवीटी स्टाफ सिरसा की पुलिस टीम ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन युवकों को काबू कर 10 बाइक बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी दीपक सहारन ने बताया कि मनदीप कुमार पुत्र साधुराम निवासी गौशाला मौहल्ला खाजा खेड़ा रोड सिरसा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 सितंबर 2025 की शाम 6:00 बजे मोटरसाइकिल को संजीवनी हॉस्पिटल के सामने खड़ा कर अस्पताल के अंदर चला गया था । कुछ देर बाद वापस आकर देखा तो मोटरसाइकिल कोई अज्ञात युवक चोरी करके ले गया था । उन्होने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन सिरसा में बाइक चोरी का मामला दर्ज कर जांच एबीवीटी स्टाफ सिरसा व सिविल लाइन थाना पुलिस को सौंपी गई थी । जांच के दौरान एबीवीटी स्टाफ सिरसा की एक पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी जोगिंदर उर्फ बब्बू पुत्र जगन सिंह निवासी साबूआना जिला हनुमानगढ़, आमिर खान पुत्र जाकिर हुसैन गांव गुड़िया, जिला हनुमानगढ़ व गोविंद उर्फ गोल्डी पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी गांव चौटाला जिला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया है । एसपी दीपक सहारन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ करने पर थाना सदर सिरसा,सिविल लाइन रानियां व राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र से बाइक चोरी की अनेक वारदातें करनी कबूल की है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा 10 मोटरसाइकिल बरामद कर लिए हैं । जांच जारी है बाइक चोरी की इस घटना में जो व्यक्ति संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को सिरसा अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता ।
