Ellenabad, September 8 (एम पी भार्गव): शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने एयरफोर्स के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सिरसा में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है और इससे बचाव के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों व स्टाफ ने सिरसा को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर कर देता है। युवा पीढ़ी को इससे बचाने के लिए उन्हें खेलकूद, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करना भी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, उनके साथ प्रेमपूर्वक व्यवहार करें और उन्हें बुरी संगत से बचाएं।
इंस्पेक्टर ने बताया कि एसपी दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, लेकिन इस मुहिम को सफल बनाने के लिए युवाओं की जनभागीदारी जरूरी है। बच्चे अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें।
उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार या नशे की लत से ग्रस्त व्यक्ति की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8814056100 या 8814011620 पर दी जा सकती है, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन ने पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया। अंत में सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशे से बचाने का संकल्प लिया।
