लखीसराय(सरफराज आलम)जिले की सड़कों पर अतिक्रमण कर रहे लोगों और दुकानदारों के लिए अब चेतावनी भरी खबर है। जिला प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि समय रहते सड़क किनारे से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सख्त कार्रवाई तय मानी जाए।
जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने स्पष्ट किया कि 25 मार्च को प्रस्तावित बैठक के बाद इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार प्रशासन पूरी सख्ती के मूड में है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को पहले ही आगाह किया जा रहा है कि वे स्वेच्छा से अपने कब्जे हटा लें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके। सूत्रों के अनुसार, 25 मार्च के बाद बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन पहले भी कई बार बुलडोजर चलाकर और चेतावनी देकर कार्रवाई कर चुका है, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। ऐसे में इस बार प्रशासन स्थायी समाधान की दिशा में कड़ा रुख अपनाने की तैयारी में है।
जिला प्रशासन का यह कदम शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
