त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग सावधानी से करें, वरना खाली हो सकता है खाता: एसपी डॉ. मयंक गुप्ता –
फर्जी वेबसाइट, नकली कस्टमर केयर और सस्ते ऑफर्स के नाम पर साइबर ठग कर रहे वारदात; जिला पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
ऐलनाबाद 04 अक्टूबर ( एम पी भार्गव ) : त्योहारी सीजन में जहां बाजारों में चहल-पहल और ऑनलाइन शॉपिंग का उत्साह चरम पर है, वहीं साइबर अपराधी इसी माहौल का फायदा उठाकर लोगों को ठगने में सक्रिय हैं। सिरसा पुलिस ने बढ़ते ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड के मामलों को देखते हुए नागरिकों के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस अधीक्षक श्री डॉ. मयंक गुप्ता, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जारी इस एडवाइजरी में बताया गया है कि साइबर ठग फर्जी वेबसाइट, नकली कस्टमर केयर नंबर, एडवांस पेमेंट और सस्ते ऑफर्स के नाम पर भोले-भाले ग्राहकों को निशाना बना रहे हैं। ये अपराधी आकर्षक स्कीमों, गिफ्ट वाउचर या भारी छूट का झांसा देकर लोगों से बैंक डिटेल्स, ओटीपी और कार्ड जानकारी हासिल करते हैं।
सोशल मीडिया पर फैल रहा साइबर ठगी का जाल पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी ठग आर्मी पर्सन या सरकारी कर्मचारी बनकर भरोसा जीतते हैं और फिर एडवांस ट्रांजैक्शन के नाम पर ठगी करते हैं। यह ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है, जिससे सावधानी जरूरी है।
सिरसा पुलिस की एडवाइजरी – ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान बरतें ये सावधानियां: • केवल “https://” से शुरू होने वाली वेरिफाइड वेबसाइटों से ही खरीदारी करें। • अत्यधिक सस्ते ऑफर्स या लुभावनी स्कीमों से सावधान रहें। • किसी को भी अपने डेबिट/क्रेडिट कार्ड की जानकारी, ओटीपी या बैंक डिटेल्स साझा न करें। • कस्टमर केयर नंबर केवल अधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें।
डिलीवरी और रिफंड फ्रॉड से बचें पुलिस ने बताया कि कई मामलों में फर्जी डिलीवरी एजेंट “पेंडिंग चार्ज” या “रिफंड” के नाम पर ग्राहकों को UPI लिंक भेजते हैं, जिस पर क्लिक करते ही खाता खाली हो जाता है। नागरिक ध्यान रखें – किसी भी वैध डिलीवरी के लिए भुगतान लिंक स्कैन करने की आवश्यकता नहीं होती।
ठगी होने पर तुरंत करें ये कदम: • 1930 पर कॉल करें। • www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। • नजदीकी थाना या साइबर सेल से तुरंत संपर्क करें।
एसपी डॉ. मयंक गुप्ता का संदेश: “ऑनलाइन शॉपिंग की सुविधा तभी सुरक्षित है जब नागरिक जागरूक और सतर्क रहें। बिना जांचे-परखे किसी लिंक या ऑफर पर क्लिक न करें। याद रखें – आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।”
सिरसा पुलिस ने अपील की है कि इस एडवाइजरी को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें, ताकि कोई भी व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार न बने।
