पोहड़का में निताशा सिहाग ने विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

- नायाब सपना स्वस्थ-समृद्ध हरियाणा अपना अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित

ऐलनाबाद ( भार्गव ) शनिवार को गांव पोहड़का के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में “नायाब सपना — स्वस्थ-समृद्ध हरियाणा” अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन की अध्यक्षा निताशा राकेश सिहाग रहीं। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन से किया गया और अतिथियों का विद्यालय पथ पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

ग्राम सरपंच सुमन सहारण विशेष रूप से उपस्थित रहीं। ग्राम सरपंच व विद्यालय प्राचार्य श्री सुरेश पूनियां ने मुख्यातिथि निताशा सिहाग को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे के प्रभावों से दूरी बनाए रखने का संदेश दिया गया। मौके पर सामूहिक पौधारोपण भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

मुख्यातिथि सिहाग ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं और समाज को नशामुक्त जीवन अपनाकर स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त बनना होगा। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को सकारात्मक दिशा में मार्गदर्शित करें तथा विद्यालय व समुदाय स्तर पर ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएं।

कार्यक्रम में विद्यालय के कई शिक्षक-कर्मचारी और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूर्व मंडलाध्यक्ष मनजीत धालीवाल के अलावा उपस्थित स्टाफ में अश्विनी, सतपाल, राजेश सोनी, बलबीर डूडी, पवन, मीना चौधरी, बलविंदर, डिंपल, वैशाली, बेगराज व अशोक सहित अन्य सदस्य शामिल थे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्राचार्य श्री सुरेश पूनियां एवं आयोजक प्रतिनिधियों ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में ऐसे सामाजिक व शैक्षणिक कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.