रामपुर। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा के निर्देशन व मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को प्राथमिकता देते हुए थाना शाहबाद की मिशन शक्ति टीम ने एक महिला संबंधी प्रकरण में अहम भूमिका निभाते हुए परिवार को टूटने से बचा लिया।
मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक कंचन धामा और महिला कांस्टेबल ज्योति के हस्तक्षेप से ग्राम जयतोली निवासी एक महिला द्वारा पति एवं ससुराल पक्ष पर मारपीट व प्रताड़ना की शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई की गई। दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र, थाना शाहबाद बुलाकर विस्तृत काउंसलिंग की गई।
काउंसलिंग के दौरान सभी पक्षों के बीच आपसी बातचीत कर सौहार्दपूर्ण समाधान निकालते हुए मतभेद समाप्त कराए गए। अंततः पति-पत्नी ने वैवाहिक जीवन को आगे भी साथ निभाने का संकल्प लिया।
मिशन शक्ति टीम के इस प्रयास से न केवल पारिवारिक विवाद का समाधान हुआ, बल्कि एक परिवार टूटने से भी बच गया। स्थानीय लोगों द्वारा शाहबाद पुलिस की इस पहल की सराहना की जा रही है।
