भविष्य में इनेलो का कारवां ऐसे ही बढ़ेगा, बीजेपी को करेंगे सत्ता से बाहर: अभय सिंह चौटाला

ऐलनाबाद, 4 दिसंबर (एम.पी. भार्गव)।इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर किसानों, खिलाड़ियों और आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि जुलाई से सितम्बर तक हुई भारी बारिश से 12 जिलों में जलभराव के कारण लाखों एकड़ में फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, लेकिन सरकार अब तक मुआवजा तय नहीं कर पाई है।

चौटाला ने राज्यपाल से खेतों का पानी निकालने, पंजाब की तर्ज पर किसानों को प्रति एकड़ मुआवजा देने, 2 बास्केटबॉल खिलाड़ियों को शहीद का दर्जा देने और अलग राजधानी के मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग रखी। साथ ही धान घोटाले, ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन शुल्क में 10 गुना बढ़ोत्तरी और जातिवाद को बढ़ावा देने के आरोप भी लगाए। राज्यपाल ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद इनेलो कार्यालय में सैकड़ों लोगों ने विभिन्न दलों—बीजेपी, कांग्रेस और जेजेपी—को छोड़कर इनेलो का दामन थामा। अभय चौटाला ने सभी को पार्टी में शामिल कर उनका स्वागत किया और कहा कि यह जनता का विश्वास है जो इनेलो को नई मजबूती दे रहा है।

उन्होंने कहा, “भविष्य में इनेलो का कारवां ऐसे ही आगे बढ़ेगा और हम बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देंगे। जो लोग मेरे खिलाफ साजिश रच रहे हैं, वही हमारे उभार का कारण बन रहे हैं।”

चौटाला ने एसवाईएल मुद्दे को शीतकालीन सत्र में मजबूती से रखने की बात कही तथा लाडो लक्ष्मी योजना में खामियां दूर करने की मांग की।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, विधायक आदित्य देवीलाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रो. संपत सिंह ने 20 दिसंबर को स्वर्गीय ओपी चौटाला की बरसी पर तेजाखेड़ा फार्म में सर्वधर्म सद्भाव कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.