कांग्रेस नेताओं के साथ संजय कपूर ने आज़म खान के आवास पर की शिष्टाचार भेंट

रामपुर। जनपद की सियासत में बुधवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय कपूर जिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ पूर्व मंत्री मोहम्मद आज़म खान के आवास पहुंचे और उनकी पत्नी, पूर्व राज्यसभा सांसद तंजीम फातिमा से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक संजय कपूर ने जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा “निक्कू पंडित”, शहर अध्यक्ष भाकर अली खान तथा जिला सोशल मीडिया प्रभारी नोमान मुमताज खान के साथ आज़म खान के आवास पहुंचकर उनके परिवार का हालचाल जाना और कुछ समय तक बातचीत की।

इस अवसर पर संजय कपूर ने कहा कि यह पूरी तरह एक शिष्टाचार भेंट थी। उन्होंने कहा कि रामपुर की पहचान हमेशा से भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब के लिए रही है। समाज में संवाद और आपसी सम्मान बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों में जनता से जुड़े मुद्दों पर संवाद जरूरी है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी जिम्मेदार लोगों को आगे आना चाहिए।

मुलाकात के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आज़म खान के परिवार को आने वाले पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई दी और भाईचारे के प्रतीक पर्व ईद-उल-फित्र की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रामपुर की गंगा-जमुनी संस्कृति में सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते हैं और यही शहर की असली पहचान है।

हालांकि इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक जानकार इसके अलग-अलग मायने भी निकाल रहे हैं। रामपुर की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रखने वाले आज़म खान के परिवार से इस तरह की मुलाकात को कई लोग आने वाले समय की राजनीतिक गतिविधियों से भी जोड़कर देख रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा समय में जब राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन भाजपा के खिलाफ साझा रणनीति पर काम कर रहा है, ऐसे में विभिन्न दलों के नेताओं के बीच संवाद और संपर्क की इन मुलाकातों को भी उसी व्यापक राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है।

मुलाकात के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा “निक्कू पंडित” ने भी सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और जनहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.