नई दिल्ली: आज सावन का आखिरी सोमवार है। अगर आप व्रत रख रहे हैं और मीठे में कुछ स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो साबूदाना-मखाने की खीर एक अच्छा विकल्प हो सकती है। यह खीर बनाने में आसान है और व्रत के फलाहार के तौर पर परोसी जा सकती है।
साबूदाना खीर बनाते समय आती हैं ये दिक्कतें
साबूदाना खीर बनाते समय अक्सर दूध फटने, साबूदाना बर्तन के तले में चिपकने या खीर के ज्यादा चिपचिपी होने की समस्या आती है। इसके लिए साबूदाने को सही तरीके से भिगोना और दूध में डालने से पहले हल्का भूनना मददगार बताया गया है।
साबूदाना-मखाना खीर के लिए सामग्री
- साबूदाना (मीडियम साइज) – 1/2 कप
- मखाना – एक चौथाई कप से थोड़ा कम, छोटे टुकड़ों में कटा हुआ
- फुल क्रीम दूध – 1 लीटर
- चीनी – 1/2 कप या स्वादानुसार
- देसी घी – 1 बड़ा चम्मच
- हरी इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- केसर के धागे – 10 से 12, 2 चम्मच गर्म दूध में भिगोए हुए
- काजू, बादाम और पिस्ता – 2 बड़े चम्मच
साबूदाने को ऐसे भिगोएं
सबसे पहले साबूदाने को 2-3 बार पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए। इसके बाद 1/2 कप साबूदाने में केवल 1/2 कप पानी डालकर 2 से 3 घंटे के लिए भिगो दें। इससे साबूदाना नरम हो जाएगा और खीर ज्यादा चिपचिपी नहीं बनेगी।
दूध और साबूदाना पकाने का तरीका
एक भारी तले वाले बर्तन में 1 लीटर फुल क्रीम दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालें। दूसरी ओर एक छोटे पैन में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स को हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
इसी घी में भीगा हुआ साबूदाना डालकर धीमी आंच पर करीब 1 मिनट हल्का चलाएं। इसके बाद इसे उबलते दूध में डाल दें। आंच मध्यम रखें और कछुल से लगातार चलाते रहें, ताकि साबूदाना बर्तन के नीचे न बैठे।
5-7 मिनट में फूलने लगेगा साबूदाना
करीब 5 से 7 मिनट में साबूदाने के दाने फूलकर दूध के ऊपर आने लगेंगे और पारदर्शी दिखाई देंगे। जब साबूदाना अच्छी तरह पक जाए और दूध गाढ़ा होने लगे, तब इसमें केसर वाला दूध, चीनी और इलायची पाउडर डालें।
आखिर में डालें ड्राई फ्रूट्स
चीनी डालने के बाद खीर को धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट और पकाएं। इससे चीनी अच्छी तरह घुल जाएगी और खीर में गाढ़ापन आएगा। आखिर में भुने हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर गैस बंद कर दें।
तैयार साबूदाना-मखाना खीर को गर्म या ठंडा करके व्रत के फलाहार के रूप में परोसा जा सकता है।
क्या है इस रेसिपी की खास ट्रिक?
इस रेसिपी में साबूदाने को कम पानी में भिगोने और दूध में डालने से पहले घी में हल्का चलाने पर खास जोर दिया गया है। इसके अलावा पकाते समय लगातार चलाने से साबूदाने के बर्तन के तले में बैठने की संभावना कम होती है। यही तरीका खीर को दानेदार और गाढ़ा बनाने में मदद करता है।
