जम्मू-कश्मीर विधानसभा में आर्टिकल 370 की बहाली के लिए प्रस्ताव पारित, BJP विधायकों ने किया हंगामा

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने प्रदेश को फिर से राज्य का दर्जा दिलाने और अनुच्छेद 370 को लागू कराने के वादे किए थे। घाटी की जनता ने कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन को बहुमत दिया, जिसके बाद उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के नए मुख्यमंत्री बने। अब अपने चुनावी वादे को पूरा करने के लिए अब्दुल्ला सरकार ने बुधवार को विधानसभा में आर्टिकल 370 की बहाली के लिए एक प्रस्ताव पेश किया, जिसे स्पीकर ने पारित कर दिया।

BJP विधायकों ने किया विरोध और हंगामा
इस प्रस्ताव के पेश होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। BJP विधायकों ने दस्तावेज की कॉपियां फाड़ दीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने ‘5 अगस्त जिंदाबाद’, ‘जय श्री राम’, ‘वंदे मातरम’, ‘देश-विरोधी एजेंडा नहीं चलेगा’, ‘जम्मू विरोधी एजेंडा नहीं चलेगा’, और ‘स्पीकर हाय हाय’ जैसे नारे लगाए। इन विरोध प्रदर्शनों के कारण सदन की कार्यवाही में बार-बार व्यवधान उत्पन्न हुआ, जिसके परिणामस्वरूप सदन को स्थगित करना पड़ा।

स्पीकर पर विपक्ष ने लगाए आरोप
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान, नेशनल कॉन्फ्रेंस और बीजेपी के नेताओं ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाए। विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने स्पीकर पर पक्षपाती होने का आरोप लगाया और कहा, “हमारे पास रिपोर्ट है कि आपने (स्पीकर) कल मंत्रियों की बैठक बुलाई और खुद प्रस्ताव तैयार किया।” भाजपा विधायक शाम लाल शर्मा ने कहा कि प्रस्ताव “एक गेस्ट हाउस में स्पीकर की मिलीभगत से” तैयार किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव का जनादेश अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के पक्ष में था, क्योंकि बीजेपी को एनसी के मुकाबले अधिक वोट मिले थे।

सुरिंदर चौधरी ने पेश किया प्रस्ताव
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने जम्मू-कश्मीर की विशेष स्थिति को बहाल करने के लिए प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव में कहा गया, “यह विधानसभा विशेष दर्जे और संवैधानिक गारंटी के महत्व की पुष्टि करती है, जो जम्मू-कश्मीर के लोगों की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा करती है और उन्हें एकतरफा हटाने पर चिंता व्यक्त करती है।” यह प्रस्ताव केंद्र सरकार द्वारा 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को रद्द किए जाने के बाद पेश किया गया था।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.