त्योहारों में भीड़ से राहत: रेलवे ने शुरू किया “राउंड ट्रिप पैकेज”, आने-जाने का टिकट एक साथ कराने पर 20% छूट

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

नई दिल्ली। त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में भारी भीड़ और टिकट की मारामारी से बचाने के लिए भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए एक नई सौगात पेश की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने “राउंड ट्रिप पैकेज” स्कीम की शुरुआत की है, जिसके तहत अगर यात्री आने और जाने दोनों तरफ का टिकट एक साथ बुक करते हैं, तो उन्हें वापसी यात्रा के बेस किराए पर 20% की छूट मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, यह स्कीम 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच आने की यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच वापसी की यात्रा पर लागू होगी। छूट सिर्फ उन्हीं यात्रियों को मिलेगी जो दोनों टिकट एक ही नाम, डिटेल्स, क्लास और स्टेशन जोड़ी (O-D Pair) के साथ बुक करेंगे।

नई व्यवस्था के तहत आने का टिकट पहले बुक करना होगा और फिर कनेक्टिंग जर्नी फीचर के जरिए वापसी का टिकट लेना होगा। टिकट में बदलाव या रिफंड की सुविधा नहीं होगी और किसी अन्य छूट, वाउचर या पास का लाभ इस पर लागू नहीं होगा।

यह स्कीम सभी क्लास और सभी ट्रेनों (स्पेशल ट्रेनों सहित) में लागू होगी, लेकिन Flexi Fare वाली ट्रेनों में यह सुविधा नहीं मिलेगी। दोनों टिकट या तो ऑनलाइन या फिर रिजर्वेशन काउंटर से ही बुक किए जाने होंगे।

रेल मंत्री का मानना है कि इस ऑफर से त्योहारों के समय यात्रियों की भीड़ अलग-अलग तारीखों में बंट जाएगी, जिससे यात्रा सुरक्षित और आरामदायक बनेगी और विशेष ट्रेनों का भी सही उपयोग हो सकेगा। रेलवे ने इस स्कीम के व्यापक प्रचार के निर्देश जारी किए हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.