रामपुर: काशीराम कॉलोनी में बिजली मीटर चिप लगाने के विरोध में महिलाओं ने किया सड़क जाम, बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी

रामपुर, 2 मई — रामपुर जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी गेट स्थित काशीराम कॉलोनी में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया जब बिजली मीटरों में चिप लगाने के विरोध में सैकड़ों महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

काशीराम कॉलोनी से निकलकर महिलाएं बड़ी संख्या में पहाड़ी गेट स्थित बिजली घर पहुंचीं और वहां जमकर शोरगुल करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने रोड पर जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि जिन घरों में बिजली मीटरों में चिप लगाई जा रही है, वहां बिल अत्यधिक आ रहा है जबकि बिजली नियमित रूप से मिल भी नहीं रही।

प्रदर्शन कर रही एक महिला ने कहा, “हम लोग गरीब हैं, घरों में काम करते हैं, झाड़ू-पोंछा करके अपने बच्चों का पेट पालते हैं। इतने महंगे बिल कैसे भरें? किसी भी हालत में हम अपने घरों में बिजली मीटर चिप नहीं लगने देंगे।”

काशीराम कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की कि चिप वाले मीटरों की जबरन फिटिंग रोकी जाए और गरीब परिवारों को राहत दी जाए।

वहीं मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया और जाम को समाप्त कराने की कोशिश की।

इस विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में कुछ समय तक यातायात भी बाधित रहा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.