Rampur Vehicle Theft Gang: रामपुर में 15 चोरी की बाइक बरामद, तीन शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
अलग-अलग जनपदों में दर्ज हैं मुकदमे, पहले भी जा चुके हैं जेल; दिल्ली और बरेली पुलिस से संपर्क कर रही रामपुर पुलिस
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
Rampur Vehicle Theft Gang: शहर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 15 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में पांच की चोरी से संबंधित मुकदमों की जानकारी सामने आ चुकी है, जिनमें कुछ मामले बरेली और दिल्ली में दर्ज बताए गए हैं
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शारिक, कयूम अली और रफत अली के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास सामने आया है और वे पहले भी वाहन चोरी समेत अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है

पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया ने बताया कि वाहन चोरी करने वाले गैंग के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह, सीओ सिटी अभिषेक, कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम कई दिनों से इस गैंग की तलाश में जुटी थी। इसी कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 चोरी की बाइक बरामद की गईं
एसपी के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में सस्ते दामों पर बेचते थे। चोरी की गई बाइक को बेचते समय खरीदारों से कागज बाद में देने और रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही जाती थी
पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों को उनके वास्तविक मुकदमों से जोड़ने की कार्रवाई कर रही है। दिल्ली और बरेली पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाइकें किन-किन स्थानों से चोरी की गई थीं
एसपी ने बताया कि मामले की गहन विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान गैंग से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस तीनों आरोपियों का विस्तृत आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है.
