- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur: टांडा थाना क्षेत्र के दुलीवाला मोहल्ले में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 22 वर्षीय युवती स्वाति सैनी का शव घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में एक पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की मां गोमती देवी ने गांव के ही युवक अनिल पर बेटी को शादी के लिए दबाव बनाने और उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक मोबाइल फोन, कपड़े और नकदी भी बरामद हुई है। इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में लिखित तहरीर प्राप्त हुई है। प्रथम दृष्टया घटना की परिस्थितियां कुछ और प्रतीत हो रही हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
फिलहाल युवती की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
