गांव बादलगढ़ थाना सदर रतिया क्षेत्र में एचएसएनसीबी की फतेहाबाद यूनिट ने कार्रवाई करते हुए 512 ग्राम अफीम सहित एक नशा तस्कर को किया गिरफ्तार
Ellenabad, August 22(एम पी भार्गव): हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। फतेहाबाद यूनिट ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव बादलगढ़ के पास एक युवक को 512 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
HSNCB प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
HSNCB फतेहाबाद यूनिट के प्रभारी उप निरीक्षक तरसेम सिंह के अनुसार, PSI बबीता के नेतृत्व में टीम नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गांव महमंडा बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जसबीर उर्फ जस, पुत्र बिल्लू सिंह, निवासी गांव बलियाला, थाना सदर रतिया, जिला फतेहाबाद, अफीम लेकर गांव महमंडा से बादलगढ़ रोड स्थित जलघर के पास बिक्री के लिए खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जलघर के गेट के पास हाथ में काली पॉलीथीन लिए खड़ा एक युवक पुलिस को देखकर वहां से जाने लगा। टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जसबीर उर्फ जस के रूप में हुई।
तलाशी में मिली 512 ग्राम अफीम
नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अफीम बरामद हुई, जिसका वजन 512 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर रतिया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(C)/61/85 के तहत मुकदमा नंबर 190 दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
नशे की सूचना देने की अपील
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या किसी अन्य प्रकार के अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।
