पुलिस अधीक्षक रामपुर ने थाना केमरी का आकस्मिक निरीक्षण किया, कस्बे में निकाली पैदल गश्त

रामपुर।पुलिस अधीक्षक, रामपुर ने अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर के साथ शनिवार को थाना केमरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ–सफाई, अभिलेख प्रबंधन, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना, बीट सूचना, सीसीटीएनएस फीडिंग तथा विवेचना से संबंधित अभिलेखों को गहनता से परखा गया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्यवाही, फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक ने कस्बा केमरी में पैदल गश्त भी की। इस दौरान बाजार क्षेत्र, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

उन्होंने क्षेत्रीय पुलिस को निर्देश दिया कि सतत गश्त, प्वाइंट ड्यूटी और निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो सके

Leave A Reply

Your email address will not be published.