Rampur: रामपुर रोडवेज बस स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। रोडवेज परिसर में जगह-जगह बिजली के स्विच और बोर्ड टूटे पड़े हैं, जबकि भीषण गर्मी के बावजूद कई पंखे भी काम नहीं कर रहे हैं। यात्रियों को गर्मी और असुविधा के बीच बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।
रोडवेज परिसर की स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि लंबे समय से यहां व्यवस्थाओं की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं गया है। परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।
सबसे बड़ी समस्या गर्मी के दौरान बिजली व्यवस्था को लेकर सामने आ रही है। यात्रियों का कहना है कि पंखे खराब होने के बावजूद उन्हें ठीक कराने की कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। रोडवेज में जनरेटर की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं होने से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
कांवड़ियों के ठहराव के बावजूद नहीं दिखी पर्याप्त व्यवस्था
सावन के महीने में हरिद्वार से जल लेकर लौटने वाले भोले भक्तों का रामपुर रोडवेज पर भी ठहराव होता है। हर साल बड़ी संख्या में कांवड़िये यहां पहुंचते हैं, लेकिन इस बार भी रोडवेज विभाग की ओर से यात्रियों और कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं दिखाई नहीं दे रही हैं।
कांवड़ियों के ठहरने और आने-जाने के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, पंखे और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि रोडवेज जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर मूलभूत सुविधाओं का इस तरह अभाव होना गंभीर चिंता का विषय है।
जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
रामपुर रोडवेज की बदहाल स्थिति को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों का आरोप है कि परिसर में कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन इनके समाधान को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
आखिर रामपुर रोडवेज की व्यवस्था कब सुधरेगी और इन अव्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार कौन है? यह सवाल यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यात्रियों ने रोडवेज विभाग के अधिकारियों से परिसर की बिजली व्यवस्था, पंखों, जनरेटर, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
वीडियो में रामपुर रोडवेज की बदहाल व्यवस्था को साफ तौर पर देखा जा सकता है।
