Sonbhadra: छठ पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित
• छठ घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर हुई चर्चा
- रिपोर्ट: मनीष कुमार
दुद्धी(सोनभद्र)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए दुद्धी महिला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक विनय प्रभाकर साहनी ने की। उन्होंने दुद्धी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न छठ घाटों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बैठक में घाटों की साफ-सफाई, गहरे पानी में बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने को लेकर चर्चा की गई।
• घाटों पर महिला पुलिसकर्मियों सहित पर्याप्त सुरक्षा बल रहेगा तैनात
पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का आश्वासन दिया। साथ ही सभी से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, इंस्पेक्टर विश्वनाथ प्रताप सिंह, महिला थाना प्रभारी संतु सरोज, एसएसआई संजय सिंह सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
