Rampur Road Accident: दिल्ली-हल्द्वानी मार्ग पर विदेशी नागरिक समेत चार घायल, टक्कर मारकर वाहन चालक फरार
Road Accident: रामपुर में दिल्ली से हल्द्वानी जा रहे वाहन को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में ब्रिटेन और अमेरिका के नागरिकों समेत चार लोग घायल हो गए। आरोपी चालक वाहन सहित फरार है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
Rampur Major Road Accident: रामपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से हल्द्वानी की ओर जा रहे एक वाहन को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोग घायल हो गए।
दिल्ली से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे यात्री
हादसे में चार्ली (31 वर्ष, ब्रिटेन/इंग्लैंड), ब्रियाने (40 वर्ष, न्यूयॉर्क सिटी, अमेरिका), गाइड श्रेष्ठ पाण्डेय (निवासी मयूर विहार, दिल्ली) तथा डॉ. सौरभ जोशी (डेंटल सर्जन, गुरुग्राम) घायल हो गए। सभी लोग दिल्ली से हल्द्वानी की ओर यात्रा कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें- असम बाढ़ राहत के लिए 21 करोड़ रुपये देगा रिलायंस फाउंडेशन
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फरार वाहन चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार वाहन की तलाश जारी है।
