- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur: श्रावण मास और महाशिवरात्रि के अवसर पर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए रामपुर पुलिस ने जनपदवासियों से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसोदिया ने नगर एवं ग्रामवासियों, अधिवक्ताओं, व्यापारी संगठनों, स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों तथा पत्रकारों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया है।
एसपी ने कहा कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए और श्रद्धालु जनपद से होकर गुजरेंगे। ऐसे में सभी नागरिक आपसी सौहार्द बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कानून का पूर्ण पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और प्रशासन का सहयोग करें।
इन तारीखों पर रहेगा रूट डायवर्जन
कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए निम्न अवधि में रूट डायवर्जन लागू रहेगा—
31 जुलाई, रात 8:00 बजे से 03 अगस्त, रात 8:00 बजे तक
07 अगस्त, रात 8:00 बजे से 12 अगस्त, रात 8:00 बजे तक
14 अगस्त, रात 8:00 बजे से 17 अगस्त, रात 8:00 बजे तक
21 अगस्त, रात 8:00 बजे से 24 अगस्त, रात 8:00 बजे तक
एसपी ने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
ऑपरेशन मजनू भी जारी
रामपुर पुलिस ने बताया कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन मजनू लगातार चलाया जा रहा है। यदि किसी छात्रा या महिला के साथ स्कूल, कॉलेज या सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ अथवा उत्पीड़न की घटना होती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।
