रामपुर। दिनांक 26 मई 2025 को पुलिस अधीक्षक रामपुर के आदेश एवं अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में थाना AHTU (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) रामपुर द्वारा थाना मिलक क्षेत्र अंतर्गत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत होटल, ढाबा, मोटरसाइकिल दुकान, कपड़ा शोरूम आदि स्थानों पर निरीक्षण कर बालश्रम में लगे 5 बच्चों को रेस्क्यू कर उन्हें मुक्त कराया गया। पुलिस द्वारा इन बच्चों को बालश्रम से निजात दिलाते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
अभियान के दौरान आमजन को चाइल्ड ट्रैफिकिंग, ह्यूमन ट्रैफिकिंग, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बच्चों में नशे की प्रवृत्ति और बाल विवाह जैसे गंभीर मुद्दों पर जागरूक किया गया। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर 1090, 1098, 1076, 112, 108, 181 एवं 102 के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि नागरिक ज़रूरत पड़ने पर सहायता ले सकें।
बालश्रम की रोकथाम हेतु मेडिकल स्टोर, प्रमुख चौराहों, होटल और ढाबा मालिकों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे किसी भी स्थिति में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को काम पर न रखें, क्योंकि यह एक दंडनीय अपराध है।
यह अभियान बाल अधिकारों की रक्षा और सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।
