राहुल गांधी की दोहरी नागरिकता मामले में एफआईआर दर्ज करने का आदेश, हाईकोर्ट लखनऊ बेंच का बड़ा फैसला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित दोहरी नागरिकता (Gandhi’s Dual Citizenship Case)को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, दोहरी नागरिकता के आरोपों को लेकर लखनऊ बेंच में एक याचिका दायर की गई थी, जिसमें रायबरेली में एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। इस पर सुनवाई करते हुए जस्टिस सुभाष विद्यार्थी की बेंच ने एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।

अदालत के आदेश के मुताबिक, यह एफआईआर रायबरेली कोतवाली में दर्ज की जाएगी। साथ ही, इस मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस के बजाय किसी केंद्रीय एजेंसी—जैसे सीबीआई—द्वारा किए जाने की बात कही गई है।

गौरतलब है कि यह मामला पिछले करीब ढाई साल से विभिन्न स्तरों पर लंबित था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि राहुल गांधी भारतीय नागरिक होने के साथ-साथ ब्रिटिश नागरिकता से भी जुड़े रहे हैं। अब अदालत के इस आदेश के बाद मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है।

फिलहाल इस आदेश के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच एजेंसी के निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

by- Snigdha Srivastava

Leave A Reply

Your email address will not be published.