Rampur Crime: पटवाई पुलिस ने 10 वारंटी को किया गिरफ्तार, गौकशी के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली
Rampur Police Encounter: जनपद रामपुर में वांछित वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पटवाई पुलिस ने अलग-अलग मुकदमों में वांछित 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए वारंटियों में भगवन्त और चरन सिंह निवासी मिलक सिकरोल, रामअवतार निवासी चिकटीरामनगर, रामकिशोर निवासी मिश्रीनगर, तथा राममोहन, विनोद और हिम्मतराम निवासी चंदनपुर शामिल हैं।
इसके अलावा रामकृष्ण उर्फ रामकिशन निवासी नईमगंज, कृष्णपाल निवासी लालपुर पट्टी कादर और विनीता पत्नी वेदप्रकाश निवासी लालपुर पट्टी कादर को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वारंटी अलग-अलग पुराने मुकदमों में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर वांछित चल रहे थे। इनमें मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, आबकारी अधिनियम और दहेज उत्पीड़न से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
रामपुर में गौकशी की कोशिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार
थाना शहजादनगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम मिलक भण्डपुरा के जंगल की ओर गोवंशीय पशु को कथित रूप से गौकशी के लिए ले जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस टीम ने मौके से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक गोवंशीय पशु को लेकर जंगल की ओर जा रहे हैं। सूचना पर शहजादनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में नाजिम पुत्र खुर्शीद निवासी जुठिया के पैर में गोली लगी। वहीं उसके साथी भूरा पुत्र खैराती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में विश्व शांति यात्रा में शामिल हुए सांसद गुरजीत सिंह औजला, बोले- तनाव के बीच आत्मिक शांति जरूरी
घायल नाजिम को उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेजा गया। दोनों के खिलाफ थाना शहजादनगर में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दो तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध 315 बोर तमंचे, दो खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक काले रंग का गोवंशीय पशु, गौकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और बिना नंबर प्लेट की एक एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की गई।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी नाजिम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं भूरा के खिलाफ भी गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 162/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कुलदीप राणा, उपनिरीक्षक धीरज चौधरी, अजय पंवार, मनोज कुमार चौधरी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले में क्षेत्राधिकारी मिलक पीतमपाल सिंह की बाइट भी सामने आई है।
