श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट

नगर क्षेत्र को तीन सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती, पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात

रामपुर जनपद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व 4 सितम्बर 2026 को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व के अवसर पर मंदिरों में विशेष सजावट एवं पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न स्थानों पर झांकियां, शोभायात्रा, डोला यात्रा, कृष्णलीला एवं दही-हांडी उत्सव आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन स्थलों पर मध्यरात्रि तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी उप जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य बनाए रखेंगे। आवश्यकता के अनुसार तहसील स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई जायेगी।

उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र को शांति व्यवस्था की दृष्टि से तीन सेक्टरों में विभाजित कर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। थाना गंज क्षेत्र में तहसीलदार सदर रणवीर सिंह, थाना कोतवाली क्षेत्र में नायब तहसीलदार सदर देवेश पाण्डेय तथा थाना सिविल लाइन क्षेत्र में नायब तहसीलदार सदर विश्वास दीक्षित को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। तैनात मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरदायी रहेंगे।

पुलिस अधीक्षक प्रत्येक तैनात मजिस्ट्रेट के साथ एक-एक पुलिस अधिकारी की नियुक्ति करते हुए पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे।

विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल को पर्व से पूर्व सभी आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर लटकते अथवा टूटे विद्युत तारों को समय से ठीक कराने तथा विद्युत खंभों में करंट न आने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए विद्युत लाइनों को दुरुस्त कराने को कहा गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी तथा नगर पालिका परिषद/नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि पर्व के दौरान अधिकारियों से समन्वय एवं संवाद तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम संचालित रहेगा। कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 8445161506, 9068302632 एवं 0595-2350404 तथा व्हाट्सएप नंबर 9045299525 हैं। कंट्रोल रूम में अवर अभियंता, जिला पंचायत धीरेन्द्र प्रताप यादव की ड्यूटी लगाई गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.