रामपुर: ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025’ का भव्य आयोजन, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने किया किसानों को संबोधित
आधुनिक तकनीकों व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, कुल 9 ग्रामों में हुआ अभियान का आयोजन
रामपुर: जनपद के विकास खंड बिलासपुर, चमरौआ और सैदनगर के चयनित 9 ग्रामों – पदपुरी (निकट बमनपुरा), धामनी हसनपुर, अफसर नगर, मगरमऊ, खजुरिया, भण्डपुरा, खिमौतिया भक्ति, जटपुरा व खिमौतिया खेड़ा में विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बिलासपुर में मुख्य कार्यक्रम, राज्य मंत्री रहे मुख्य अतिथि
ग्राम पदपुरी (निकट बमनपुरा) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्य मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान उत्तर प्रदेश श्री बलदेव सिंह औलख मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख बिलासपुर श्री कुलवंत सिंह औलख ने भी भाग लिया।
राज्य मंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कृषि की आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने, मिट्टी की जांच व मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी।
फसल बीमा और सौर ऊर्जा योजनाओं पर जोर
मंत्री जी ने किसानों को फसल बीमा कराने के लिए प्रेरित किया और बताया कि सोलर पंप पर 60% अनुदान और 25 साल की गारंटी दी जा रही है। इसके साथ ही निजी नलकूपों के बिजली कनेक्शन पर बिल माफ करने की योजना की भी जानकारी दी गई।
किसानों से साठा धान की जगह मक्का बोने की अपील
कार्यक्रम में उपस्थित अपर कृषि निदेशक (गेहूं एवं मोटा अनाज), लखनऊ श्री जगदीश कुमार भट्ट ने किसानों से साठा धान की जगह मक्का बोने की अपील की और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की।
वैज्ञानिकों द्वारा दी गई उन्नत तकनीकी जानकारी
आईसीएआर/आईवीआरआई बरेली और कृषि विज्ञान केंद्र, धमोरा के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को प्राकृतिक खेती, सहफसली खेती, और खरीफ फसलों की उन्नत किस्मों की जानकारी दी।
साथ ही पशुपालन, गन्ना, सहकारिता और अन्य विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं व लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
कृषि अधिकारियों की सहभागिता और आगे की रूपरेखा
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक रामकिशन सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी भगवत सरन गंगवार, कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों और 300 से अधिक किसानों ने भाग लिया।
1 जून 2025 को अगला कार्यक्रम विकास खंड चमरौआ के करीमपुर सर्की, वाजिदपुर, रम्पुरा और सैदनगर के बजावाला, बरगब्बा, खण्डिया, तथा बिलासपुर के नानकार रानी, गजरौला, पजावा ग्रामों में आयोजित किया जाएगा।
12 जून तक 135 चयनित ग्रामों में चलेंगे कार्यक्रम
जनपद के 135 चयनित ग्रामों में 12 जून 2025 तक विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
