Rampur: गंज पुलिस ने नकली नोटों संग दो आरोपियों को भेजा जेल

रामपुर। जनपद में नए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के आगमन के बीच थाना गंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी साजिश पर पानी फेर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार आरोपी काफी समय से 500 रुपये के नकली नोटों के जरिए बाजार में लेन-देन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नए एसपी के आने के बाद वे अपने नेटवर्क को और मजबूत करने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक नकली नोटों की खेप लेकर इलाके में घूम रहे हैं और उन्हें बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर थाना गंज प्रभारी पवन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 रुपये के 21 नकली नोट बरामद किए गए।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने नकली नोटों की सप्लाई और अपने नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। थाना प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि नकली नोटों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं, व्यापारियों और आम जनता ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.