थाना साइबर क्राइम रामपुर की बड़ी सफलता: यूपीआई ठगी की 2,14,931 रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि पीड़िता को वापस
रामपुर। साइबर ठगी के एक मामले में थाना साइबर क्राइम, रामपुर ने सराहनीय कार्य करते हुए पीड़िता के खाते से ठगे गए पूरे 2,14,931 रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए हैं।
पीड़िता ने 27 अगस्त 2025 को ऑनलाइन पोर्टल (https://cybercrime.gov.in
) पर शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने यूपीआई के माध्यम से उसके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर यह धनराशि ट्रांसफर कर ली है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक साइबर क्राइम उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक रामपुर विध्यसागर मिश्र के मार्गदर्शन में साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर एवं नोडल अधिकारी साइबर अपराध अनुराग सिंह के निर्देशन में साइबर टीम ने तकनीकी संसाधनों का सहारा लेते हुए जालसाज के खातों की जानकारी जुटाई और तत्परता से कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस जमा कराई।
टीम ने पीड़िता को भविष्य में सतर्क रहने के लिए साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। जिसमें बताया गया कि—
किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
बैंक विवरण, पिन, ओटीपी, सीवीवी आदि किसी के साथ साझा न करें
किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल पर शिकायत करें
धनराशि की बरामदगी पर पीड़िता और उसके परिजनों ने रामपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए सराहना की। इस कार्रवाई से जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
बरामदगी एवं जांच टीम
आशाराम – प्रभारी निरीक्षक, थाना साइबर क्राइम
मुख्य आरक्षी जितेन्द्र कुमार
आरक्षी रेशमपाल
महिला आरक्षी मालती सिंह
रामपुर साइबर क्राइम पुलिस द्वारा आगे भी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
