बेटे की गुमशुदगी से अस्पताल में भर्ती पिता की हालत गंभीर, 8 मार्च से लापता है UPSC की तैयारी कर रहा छात्र

छतरपुर, 24/3/26: छतरपुर जिले के चंदला थाना अंतर्गत ग्राम पांडेपुरवा का एक होनहार युवक बीते 17 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है। बेटे के वियोग में पिता की तबीयत इस कदर बिगड़ी कि उन्हें गंभीर हालत में बांदा (उप्र) के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। घर के बड़े बेटे के लापता होने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पांडेपुरवा निवासी निर्भय सिंह पटेल (26 वर्ष) छतरपुर में रहकर ऑनलाइन माध्यम से संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रहा था। छोटे भाई योगेंद्र पटेल ने बताया कि निर्भय पढ़ने में काफी मेधावी है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह किसी बात को लेकर मानसिक तनाव में दिख रहा था।

घटना 8 मार्च 2026 की है। सुबह करीब 9 बजे मां ने निर्भय को खाना खाने के लिए बुलाया, लेकिन उसने खाना नहीं खाया और बिना कुछ बताए घर से निकल गया। तब से लेकर आज तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों ने चंदला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।

निर्भय की पहचान के संबंध में परिजनों ने बताया कि लापता होते समय उसने सफेद शर्ट और काला पैंट पहन रखा था, साथ ही उसके गले में एक सफेद तौलिया भी था। उसकी एक विशेष पहचान यह है कि उसने अपने दाहिने हाथ में कड़ा पहना हुआ है। परिजनों को अंदेशा है कि वह मानसिक तनाव की स्थिति में प्रयागराज, ऋषिकेश या हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थलों की ओर जा सकता है।

बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे परिजनों ने आम जनता से भावुक अपील की है। यदि किसी भी व्यक्ति को उक्त हुलिए का युवक दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले, तो कृपया तत्काल नीचे दिए गए नंबर पर संपर्क करें। संपर्क सूत्र: 8770408124 (योगेंद्र पटेल/परिजन)

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.