रामपुर। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष असीम राजा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मुद्दों पर शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी न किसी बहाने से जौहर यूनिवर्सिटी पर ताला लगाने की कोशिश की जा रही है
असीम राजा ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी का संचालन करने वाले ट्रस्ट का इनकम टैक्स संबंधी रजिस्ट्रेशन रद्द हुआ है, जबकि यूनिवर्सिटी का रजिस्ट्रेशन रद्द नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तथ्य को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है
उन्होंने दावा किया कि जौहर यूनिवर्सिटी पर लगाए गए तमाम आरोप बेबुनियाद हैं और संस्थान को जानबूझकर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। असीम राजा ने कहा कि यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और बड़ी संख्या में छात्रों को तालीम दे रहा है
सपा नेता ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर लगातार नकारात्मक माहौल बनाया जा रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति कुछ और है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करने और शिक्षा संस्थान को अनावश्यक विवादों में न घसीटने की मांग की
हालांकि, जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों और आरोपों को लेकर प्रशासन की ओर से इस प्रेस वार्ता पर कोई
आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में मामले से संबंधित तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है.
